businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

सोना और 40 रूपए गिरकर पहुंचा 25050 पर

Source : business.khaskhabar.com | July 31, 2015 | businesskhaskhabar.com Commodity News Rss Feeds
 gold prices plummet down to 25050,silver also slidesनई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट के कारण शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में भी यह लगातार दूसरे दिन गिरता हुआ 40 रूपए लुढककर 4 साल के निचले स्तर 25,050 रूपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी भी 50 रूपए फिसलकर 34,000 रूपए प्रति किलो बोली गई। कारोबारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में गिरावट के कारण दोनों कीमती धातुओं में उतार देखा जा रहा है। पिछले सप्ताह भी 24 जुलाई को सोना स्टैंडर्ड 25,050 रूपए प्रति 10 ग्राम तक उतरा था, जो 6 अगस्त के बाद का इसका निचला स्तर है। चांदी का पौने 5 साल का निचला स्तर 33,950 रूपए प्रति किलोग्राम भी 24 जुलाई को ही रहा था।

लंदन से मिली जानकारी के अनुसार सोना हाजिर लगभग 6 प्रतिशत गिरकर 1081 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जो फरवरी 2010 के बाद के निचले स्तर 1077 डॉलर प्रति औंस से कुछ ही ऊपर है। इस स्तर पर यह पिछले सप्ताह रहा था। अमेरिकी सोना वायदा भी 7.60 डॉलर लुढककर 1080.80 डॉलर प्रति औंस रहा। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका में आर्थिक वृद्धि दर के उम्मीद से बेहतर आंकडे आने के कारण ब्याज दरों में जल्द बढोतरी की संभावना बढी है।

इससे पीली धातु पर दबाव पडा है। गुरूवार को जारी आंकडों के अनुसार साल की दूसरी तिमाही में अमेरिकी का सकल घरेलू उत्पाद 2.3 प्रतिशत की दर से बढा जबकि पहली तिमाही में यह दर 0.6 प्रतिशत रही थी। लंदन में चांदी हाजिर 0.14 डॉलर फिसलकर 14.55 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। वैश्विक दबाव में स्थानीय बाजार में भी सोना स्टैंडर्ड 40 रूपए उतरकर 25,050 रूपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। लगातार 2 दिन की गिरावट के बाद एक बार फिर यह 4 साल के निचले स्तर पर आ गया है।

गत 24 जुलाई को भी यह 25,050 रूपए प्रति 10 ग्राम पर रहा था। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 24,900 रूपए प्रति 10 ग्राम बोला गया, वहीं 8 ग्राम वाली गिन्नी मजबूती से 22,200 रूपए पर टिकी रही। चांदी हाजिर में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई। यह 50 रूपए लुढककर 34,000 रूपए प्रति किलो पर रही वहीं चांदी वायदा 30 रूपए चढकर 33,815 रूपए प्रति किलो पर पहुंच गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली पिछले दिवस के 48 हजार और 49 हजार रूपए प्रति सैकडा पर टिके रहे।