businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

फरवरी में यात्री कारों की बिक्री 7 प्रतिशत बढ़ी

Source : business.khaskhabar.com | Mar 10, 2015 | businesskhaskhabar.com Automobile News Rss Feeds
 Car sales grew upto 7 percent in februaryनई दिल्ली। फरवरी 2015 में घरेलू यात्री कारों की बिक्री 6.85 प्रतिशत बढ़ कर 171,727 रही है, जबकि फरवरी 2014 में 160,717 यात्री कारें बिकी थीं। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरर्स (सियाम) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सियाम के मुताबिक, कुल यात्री वाहनों की बिक्री 6.16 प्रतिशत बढ़ कर 231,165 रही है, जबकि फरवरी 2014 में 217,750 वाहन बेचे गए थे। इन यात्री वाहनों में कार, यूटिलिटी वाहन और वैन शामिल हैं।

सियाम के आंक़डों के मुताबिक, यूटिलिटी वाहनों की बिक्री 4.68 प्रतिशत बढ़ कर 45,545 रही है, जबकि वैन की कुल बिक्री 2.73 प्रतिशत बढ़ कर 13,893 रही है। फरवरी 2015 में कुल व्यावसायिक वाहनों की बिक्री 10.13 प्रतिशत बढ़ी है, जो देश में आर्थिक गतिविधियां बढ़ने का मुख्य कारक है। इस दौरान व्यावसायिक वाहनों की बिक्री बढ़ कर 52,843 रही, जबकि फरवरी 2014 में 47,982 व्यावसायिक वाहन बेचे गए।

हालांकि, इस समीक्षाधीन महीने में तिपहिया वाहनों की बिक्री 10.32 प्रतिशत घट कर 34,033 रही है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 37,950 तिपहिया वाहन बेचे गए थे। पिछले महीने कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री भी घटी है। इस दौरान दोपहिया वाहनों की बिक्री 0.99 प्रतिशत घट कर 1,208,084 रही है, जबकि फरवरी 2014 में 1,220,141 वाहन बेचे गए थे। फरवरी में स्कूटरों की बिक्री 18.78 प्रतिशत बढ़ कर 370,527 रही है। हालांकि मोटरसाइकिलों की बिक्री 8.22 प्रतिशत घट कर 774,122 रही है। इस समीक्षाधीन महीने में निर्यात 6.71 प्रतिशत घट कर 251,993 रहा है। फरवरी 2014 में कुल 270,110 वाहनों का निर्यात किया गया था। फरवरी महीने में कुल वाहनों की बिक्री 0.15 प्रतिशत बढ़ कर 1,526,125 रही है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में कुल 1,523,823 वाहन बेचे गए थे।