अनिल अंबानी समूह की बाजार हैसियत एक लाख करोड रूपए से ऊपर
Source : business.khaskhabar.com | July 07, 2014 |
नई दिल्ली। शेयर बाजारों के ज्वार के सहारे अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह की कंपनियों का बाजार पूंजीकरण एक लाख करोड रूपए का स्तर पार कर गया है। हाल के दिनों के समूह की सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में जोरदार सुधार दर्ज किए गए हैं।
पिछले साल समूह की कंपनियों का बाजार पूंजीकरण, बाजार में मंदी के बीच घटकर 50,000 करोड रूपए तक आ गया था। बंबई शेयर बाजार के ताजा आंकडों के अनुसार, रिलायंस समूह की चार सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1018.32 अरब रूपए हो गया है।
बाजार पूंजीकरण में महज दो महीने में एक चौथाई बढोतरी हुई है। समूह की रिलायंस कम्युनिकेशंस का बाजार पूंजीकरण 34,377 करोड रूपए, रिलायंस पावर का 30,548 करोड रूपए, रिलायंस इंफ्राास्ट्रक्चर का 20,797 करोड रूपए और रिलायंस कैपिटल का बाजार पूंजीकरण 16,110 करोड रूपए रहा।