businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

अशोक लीलैंड, पंतनगर को डेमिंग पुरस्कार

Source : business.khaskhabar.com | Nov 10, 2016 | businesskhaskhabar.com Automobile News Rss Feeds
 ashok leyland gets deming prize for pantnagar plant 119646नई दिल्ली। हिंदुजा समूह की प्रमुख कंपनी अशोक लीलैंड को आज पंतनगर निर्माण इकाई के लिए 2016 के प्रतिष्ठित डेमिंग पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। डेमिंग पुरस्कार दुनिया का सर्वाधिक प्रतिष्ठित एवं सबसे पुराना ग्लोबल क्वालिटी अवार्ड है।

यह पुरस्कार उन कंपनियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने व्यावसायिक परिचालन में टीक्यूएम स्थापित किया है। अशोक लीलैंड, पंतनगर डेमिंग पुरस्कार जीतने वाला दुनिया का पहला ट्रक एवं बस संयंत्र और साथ ही जापान के बाहर एकमात्र सीवी निर्माता बन गया है।

जापान में डेमिंग पुरस्कार ग्रहण करने वाले अशोक लीलैंड के प्रबंध निदेशक विनोद के. दासारि ने एक बयान में कहा, ‘‘अशोक लीलैंड के लिए यह पुरस्कार गौरव की बात है। यह पुरस्कार जीतने वाले दुनिया के पहले ट्रक एवं बस निर्माता और जापान के बाहर एकमात्र सीवी निर्माता बनने के साथ ही कंपनी की उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जुड़ गई है।’’

डेमिंग पुरस्कार की स्थापना वर्ष 1951 में जैपनीज यूनियन ऑफ साइंटिस्ट्स एण्ड इंजीनियर्स (जेयूएसई) द्वारा डब्लू. एडवाड्र्स डेमिंग को सम्मानित करने के लिए की गई थी, जिन्होंने द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद स्टैटिस्टिकल क्वालिटी कंट्रोल में जापान की प्रगति में बड़ा योगदान दिया था। विजेता की चयन प्रक्रिया काफी कठोर है। इसमें कंपनी और जांच इकाई दोनों के लिए काफी गहनता के साथ लम्बे समय तक काम करना पड़ता है। डेमिंग पुरस्कार कमिटी ‘मूल्यांकन’ की प्रक्रिया को जांच के बजाए एक ‘पारस्परिक विकास’ के अवसर के रूप में देखती है।
(आईएएनएस)